V India News

Web News Channel

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हर्ष फायरिंग का VIDEO, नकाबपोश आरोपी रतलाम से गिरफ्तार

उज्जैन। बिरलाग्राम थाना क्षेत्र के झिरनिया गांव में कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकाबपोश आरोपी को रतलाम से गिरफ्तार किया है। बुधवार देर रात हुई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई 12 बोर और 315 बोर की दो बंदूकें भी बरामद की हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

वायरल वीडियो ने खोला मामला

पुलिस के मुताबिक, झिरनिया गांव में कुछ दिन पहले आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में मामला आया। वीडियो में एक युवक चेहरे पर काला मास्क लगाए हथियार लहराता नजर आ रहा था, जबकि उसके पास मौजूद दूसरा युवक हवा में फायरिंग करता दिखाई दे रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद बिरलाग्राम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के प्रयास किए।

तकनीकी जांच से रतलाम तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान नकाबपोश युवक की पहचान इरफान पिता रईस (40), निवासी समता नगर, रतलाम के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीम ने रतलाम में कार्रवाई करते हुए उसे सालाखेड़ी चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के साथ ही पुलिस ने उसके पास से हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई 12 बोर और 315 बोर की बंदूकें भी जब्त कर लीं।

हिंदू संगठनों ने की थी कार्रवाई की मांग

घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने भी पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हिंदू जागरण मंच के प्रांत संयोजक भैरूलाल टांक ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर हर्ष फायरिंग में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। सभी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।