उज्जैन। शहर के सेठी नगर इलाके में बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित एक कॉस्मेटिक गोदाम में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रात करीब 1 बजे गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखे कॉस्मेटिक सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझने के बाद राहत की सांस ली गई, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 6 बजे इसी गोदाम से दोबारा धुआं उठने और आग सुलगने की सूचना मिली।
इसके बाद दमकल की टीम फिर मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया। बार-बार आग सुलगने की घटना के चलते इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
माधव नगर थाना पुलिस के अनुसार, सेठी नगर में बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित यह कॉस्मेटिक गोदाम आनंद जैन का है। रात में आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर अधिकारी एलएन साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया था। टीम ने करीब एक घंटे तक आग बुझाने का काम किया और स्थिति को नियंत्रित किया। सुबह दोबारा आग की सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
आग की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जमा हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और इलाके में निगरानी रखी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखा कॉस्मेटिक सामान बड़ी मात्रा में जल गया है। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

More Stories
श्री खड़े हनुमान मंदिर विवाद में संत समाज का विरोध तेज, महामंडलेश्वर बोले- ‘हिंदू समाज अब पीछे नहीं हटेगा’
काम से घर लौट रहे मिस्त्री की ट्रक की टक्कर से मौत, दो साथी गंभीर घायल
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हर्ष फायरिंग का VIDEO, नकाबपोश आरोपी रतलाम से गिरफ्तार