V India News

Web News Channel

पति की तलाश में दुबई से सतना पहुंची महिला, 23 साल बाद प्रेम और हक के लिए सड़कों पर भटकने का दावा

मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। प्यार और अपने वैवाहिक हक की तलाश में एक महिला दुबई से सीधे सतना पहुंच गई। 23 वर्षों से दुबई में रह रही असविंदर कौर का आरोप है कि उनके पति सुनील ठाकुर उन्हें बिना बताए दुबई से भारत लौट आए हैं और सतना में अपनी मां व बहन के घर पर छिपे हुए हैं। पति की तलाश में भटक रही असविंदर ने सतना के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मध्य प्रदेश पुलिस से अपने पति को तलाशने तथा न्याय दिलाने की अपील की है।

असविंदर कौर के मुताबिक, वह दुबई में नौकरी करती हैं और पिछले 23 वर्षों से वहीं रह रही हैं। नवंबर 2020 से वह सुनील ठाकुर के साथ दुबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। इसके बाद 23 फरवरी 2025 को दोनों ने जबलपुर के सिविल सेंटर स्थित एक गुरुद्वारे में परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह किया।

पति के लिए सड़कों पर भटक रही महिला

असविंदर का कहना है कि सुनील उनसे करीब 12 साल छोटे हैं। उन्होंने अपनी पहली शादी और तलाक से जुड़ी सभी जानकारियां पहले ही सुनील और उनके परिवार को दे दी थीं। इसके बावजूद सुनील ने उनसे शादी की। शादी के बाद दोनों दुबई में साथ रह रहे थे और 31 जुलाई तक सुनील उनके साथ ही थे। इसके बाद वह अचानक बिना बताए अपनी मां सुनीता रोड़ा के साथ भारत लौट आए।

महिला का दावा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि सुनील और उनकी मां सतना में सुनील की बहन के घर पर ठहरे हुए हैं। असविंदर ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया कि उनके पति को उनसे छिपाकर रखा गया है और उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं करने दिया जा रहा। उनका यह भी कहना है कि उन्हें बताया जा रहा है कि सुनील अब उनके साथ नहीं रहना चाहते।

रुंधे गले से असविंदर ने कहा कि वह सुनील की कानूनी रूप से विवाहित पत्नी हैं और अपने पति को तलाशते हुए दुबई से भारत आई हैं। उनका कहना है कि पति की तलाश में वह जबलपुर और सतना की सड़कों पर भटक रही हैं और उन्हें किसी भी व्यक्ति से मदद की उम्मीद है, जिसके पास सुनील के बारे में कोई जानकारी हो।

पुलिस से की भावुक अपील

मामले को लेकर सतना के डीएसपी हेडक्वार्टर मनोज दीक्षित ने बताया कि दुबई से एक महिला सतना आई है, जिसने अपने पति के लापता होने अथवा संपर्क में नहीं होने की शिकायत की है। महिला का कहना है कि उसका पति सतना में अपनी बहन के घर आया हुआ है।

डीएसपी के अनुसार, महिला फिलहाल अपने पति के खिलाफ कोई दंडात्मक या कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। वह केवल अपने पति को तलाशकर उससे मिलना चाहती है। पुलिस ने महिला की शिकायत को ध्यान में रखते हुए उसके पति की तलाश शुरू कर दी है।

ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

असविंदर कौर का कहना है कि वह इस समय बेहद परेशान हैं और सतना में जगह-जगह अपने पति की तलाश कर रही हैं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं है कि सुनील और उनके परिवार के लोग इस समय कहां हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास उनके पति के संबंध में कोई जानकारी हो तो उनकी मदद करें।

असविंदर ने कहा कि उन्होंने पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह किया है और अपने अधिकार के लिए दुबई से भारत तक आई हैं। उन्हें मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर भरोसा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें जल्द न्याय दिलाया जाएगा।