ग्वालियर। महिला अंडर-18 हॉकी एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाली ग्वालियर की चार होनहार खिलाड़ियों को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। जापान के काकामीगहारा में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया, जिसमें ग्वालियर की चार खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।
कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर रुचिका चौहान ने खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इन बेटियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और अथक मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की ये खिलाड़ी प्रदेश की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
ग्वालियर स्थित शिवाजी राव पवार उत्कृष्ट हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं नौशीन नाज, नम्मी गीताश्री, स्नेहा देवड़े और महक परिहार ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। चारों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इन खिलाड़ियों में नौशीन नाज का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 16 गोल दागकर टॉप स्कोरर का खिताब अपने नाम किया। उनकी आक्रामक खेल शैली और शानदार प्रदर्शन ने भारतीय टीम की सफलता में निर्णायक योगदान दिया।
सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर रुचिका चौहान ने खिलाड़ियों से उनके खेल सफर, प्रशिक्षण, पारिवारिक पृष्ठभूमि और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अनुभवों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त नगर निगम टी. प्रतीक राव, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जोसेफ बक्सला सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्वालियर की इन बेटियों की सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

More Stories
मध्य प्रदेश में नए राज्यपाल को लेकर चर्चाएं तेज, 6 जुलाई को पूरा होगा मंगुभाई पटेल का कार्यकाल
मोहर्रम जुलूस में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया, दो की मौत, 15 झुलसे!
‘अगर हम काफिर हैं तो हमारी बनाई सड़कों पर मत चलो’ – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर सियासत गरम!