V India News

Web News Channel

मध्य प्रदेश में नए राज्यपाल को लेकर चर्चाएं तेज, 6 जुलाई को पूरा होगा मंगुभाई पटेल का कार्यकाल

भोपाल। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल का पांच वर्षीय कार्यकाल 6 जुलाई को पूरा होने जा रहा है। ऐसे में राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि उन्हें पद पर विस्तार दिया जाएगा या फिर केंद्र सरकार किसी नए चेहरे को राज्यपाल नियुक्त करेगी।

मंगुभाई पटेल ने 7 जुलाई 2021 को मध्य प्रदेश के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था। संविधान के अनुसार राज्यपाल का कार्यकाल पांच वर्ष का होता है और उनका कार्यकाल अब समाप्ति की ओर है। हालांकि राज्यपाल तब तक पद पर बने रह सकते हैं, जब तक उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति नहीं हो जाती।

गुजरात से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे मंगुभाई पटेल का राजनीतिक जीवन लंबा और सक्रिय रहा है। वे गुजरात सरकार में मंत्री रह चुके हैं तथा वर्ष 2014 में गुजरात विधानसभा के कार्यकारी उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभा चुके हैं। मध्य प्रदेश में राज्यपाल के रूप में उनके कार्यकाल को विशेष रूप से आदिवासी कल्याण और सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ चलाए गए अभियानों के लिए याद किया जाता है। उनके प्रयासों से प्रदेश में सिकल सेल बीमारी की पहचान और उपचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

मध्य प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान राज्यपाल पद पर कई बदलाव देखने को मिले हैं। आनंदीबेन पटेल ने दो बार प्रदेश के राज्यपाल का दायित्व संभाला। पहली बार वे जनवरी 2018 से जुलाई 2019 तक राज्यपाल रहीं। इसके बाद लालजी टंडन ने यह जिम्मेदारी संभाली, लेकिन उनके निधन के बाद जुलाई 2020 से जुलाई 2021 तक आनंदीबेन पटेल ने अतिरिक्त प्रभार के रूप में राज्यपाल पद का कार्यभार संभाला।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्र सरकार जल्द ही राज्यपालों की नियुक्तियों और फेरबदल को लेकर निर्णय ले सकती है। ऐसे में मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद को लेकर भी संभावनाओं और अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले 15 वर्षों में मंगुभाई पटेल दूसरे ऐसे राज्यपाल हैं, जिन्होंने मध्य प्रदेश में अपना पूर्ण पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा किया है। इससे पहले रामनरेश यादव ने वर्ष 2011 से 2016 तक राज्यपाल के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया था।

अब सभी की निगाहें केंद्र सरकार और राष्ट्रपति भवन के निर्णय पर टिकी हैं कि मंगुभाई पटेल को कार्यकाल विस्तार मिलता है या मध्य प्रदेश को नया राज्यपाल मिलने जा रहा है।