V India News

Web News Channel

मोहर्रम जुलूस में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया, दो की मौत, 15 झुलसे!

रतलाम (मध्य प्रदेश)। मोहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान गुरुवार रात रतलाम जिले के पिपलौदा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम हतनारा में बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से ताजिए में करंट फैल गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए। कई अन्य लोग भगदड़ और गिरने से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात लगभग साढ़े दस बजे गांव में मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। ताजिया उठाए श्रद्धालु गांव के मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान ताजिया करीब 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही पूरे ताजिए में करंट दौड़ गया और उसके आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करंट लगने से कई लोग जमीन पर गिर पड़े, जबकि कुछ लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को निजी वाहनों से रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल पहुंचाया।

मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 32 वर्षीय राशिद खान पुत्र वाहिद खान निवासी ग्राम हतनारा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि जिला अस्पताल में 40 वर्षीय सड्डू पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी ग्राम हतनारा ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद लोग घायलों को संभालते और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों व प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घायलों के उपचार में सहयोग किया।

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन से ताजिए के संपर्क में आने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।