उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान किए गए एक प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट ऊंचाई पर हवा में लटकाकर उसमें विस्फोट करते हुए देखा जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 23 जून की रात बड़नगर के अडान मोहल्ले से मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से बांधकर ऊपर उठाया गया। वायरल वीडियो में वैन के ऊपर दो युवक खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और हाथों में लाल झंडे लिए हुए थे। कुछ देर बाद वैन को और ऊपर ले जाकर उसमें विस्फोट किया गया।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही वैन पर “ले फिर आ गए” लिखा हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस प्रदर्शन के पीछे क्या उद्देश्य था और इससे किस प्रकार का संदेश देने की कोशिश की गई।
घटना को लेकर विभिन्न संगठनों ने आपत्ति जताई है। हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रदर्शन पर सवाल उठाए, जबकि हिंदू जागरण मंच ने भी प्रशासन से पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो सामने आने के बाद बड़नगर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आयोजकों से पूछताछ की। पुलिस ने आयोजक शोएब खान, झंडा लहराने वाले जाहिद खान और तस्लीम सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वैन मालिक को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी शोएब खान, जाहिद खान और तस्लीम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का इलाके में पैदल मार्च भी कराया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में कानून के प्रति विश्वास कायम करना है।
बड़नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 382/2026 दर्ज किया है। मामले में सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने, शांति भंग करने और अन्य गंभीर आरोप शामिल किए गए हैं।
एडिशनल एसपी करणदीप सिंह ने बताया कि घटना अत्यंत संवेदनशील प्रकृति की है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

More Stories
उज्जैन; नाबालिग छात्रा को बदनाम करने की साजिश का खुलासा, बीएलओ समेत चार गिरफ्तार!
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत!
उज्जैन काल भैरव मंदिर के पास भीषण आग, 4 दुकानें खाक!