उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद इंदौर लौट रहे एक सीड कारोबारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उज्जैन-देवास मार्ग पर नागझिरी थाना क्षेत्र के गरुड़ बायपास ब्रिज के पास हुआ, जहां कार का अगला टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना में कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
महाकाल दर्शन के बाद लौट रहे थे इंदौर
मृतक की पहचान बेंगलुरु स्थित सीड कारोबारी और इटरना कंपनी के मालिक मणि कांत कुट्टी (35) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के निवासी थे। बताया गया है कि हाल ही में वे दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे और इंदौर के डीलर ओम धाकड़ के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आए थे।
शनिवार दोपहर उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद स्कोडा कार से इंदौर के लिए रवाना हुए। वाहन कंपनी के अकाउंटेंट बालकृष्ण चला रहे थे।
टायर फटते ही बेकाबू हुई कार
देवास बायपास क्षेत्र में सफर के दौरान कार का अगला बायां टायर अचानक फट गया। टायर फटने से कार का संतुलन बिगड़ गया और चालक के नियंत्रण प्रयासों के बावजूद वाहन तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मणि कांत कुट्टी को मृत घोषित कर दिया।
दो घायलों का इलाज जारी
दुर्घटना में इंदौर निवासी डीलर ओम धाकड़ और चालक बालकृष्ण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाबा महाकाल के प्रति थी गहरी आस्था
चालक बालकृष्ण के अनुसार, टायर फटने के बाद कार पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई थी और हादसे को रोकना संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि मणि कांत कुट्टी बाबा महाकाल के परम भक्त थे और कई वर्षों से नियमित रूप से उज्जैन आकर दर्शन करते थे।
आईफोन के एसओएस अलर्ट से परिजनों को मिली सूचना
हादसे के बाद मणि कांत कुट्टी के आईफोन में सक्रिय एसओएस फीचर के माध्यम से उनके भाई को तत्काल दुर्घटना की सूचना मिल गई। इसके अलावा इंदौर निवासी डीलर के परिजनों को भी मोबाइल अलर्ट प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के सदस्य अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

More Stories
उज्जैन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई NEET-UG परीक्षा, 8 केंद्रों पर 4170 अभ्यर्थी हुए शामिल!
उज्जैन; भैरवगढ़ केंद्रीय जेल में 1000 बंदियों ने किया सामूहिक योग, वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भेजा गया प्रस्ताव!
उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, बारिश के बावजूद उमड़ा जनसैलाब!