V India News

Web News Channel

उज्जैन में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, खेत में रखवाली के दौरान वारदात!

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम आमला में खेत की रखवाली कर रही एक विवाहित महिला के साथ कथित रूप से दो बदमाशों ने दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

खेत में रखवाली कर रहे थे पति-पत्नी

जानकारी के अनुसार, घटना 18 और 19 जून की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। ग्राम आमला में पति-पत्नी अपने खेत पर रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान देर रात कुछ लोग वहां पहुंचे और पानी मांगने लगे।

पति के साथ मारपीट, फिर महिला को बनाया निशाना

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि तीन बदमाश खेत पर आए और पहले उसके पति के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के समय महिला का बेटा भी खेत पर मौजूद बताया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़िता की शिकायत पर बड़नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

चोरी की घटना से भी जोड़कर जांच

पुलिस इस मामले की जांच क्षेत्र में हाल ही में पवन चक्की क्षेत्र से बिजली के तार चोरी की घटना के संबंध में भी कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई कड़ी हो सकती है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।