उज्जैन। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह महाकाल की नगरी उज्जैन में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम (दशहरा मैदान) में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और योगमय जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं महाकाल मंदिर परिसर में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां श्रद्धालुओं और योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद योगाचार्यों के मार्गदर्शन में उपस्थित जनसमूह ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
बारिश के कारण एक दिन पहले दशहरा मैदान के कई हिस्सों में कीचड़ की स्थिति बन गई थी। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां करते हुए मैदान में पत्थर की चूरी डलवाई तथा प्रतिभागियों के लिए मैट और विशेष कपड़ों की व्यवस्था कराई, जिससे योगाभ्यास में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खराब मौसम के बावजूद लोगों का उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में शामिल होकर नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
महाकाल की नगरी में योग और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया गया। समापन अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग के नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।

More Stories
उज्जैन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई NEET-UG परीक्षा, 8 केंद्रों पर 4170 अभ्यर्थी हुए शामिल!
उज्जैन; भैरवगढ़ केंद्रीय जेल में 1000 बंदियों ने किया सामूहिक योग, वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भेजा गया प्रस्ताव!
महाकाल दर्शन कर लौट रहे कारोबारी की सड़क हादसे में मौत, टायर फटने से डिवाइडर से टकराई कार!