उज्जैन/बड़नगर। उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र में 15 दिन पुराने अंधे कत्ल का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज कर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, उसकी हत्या उसके ही सगे भतीजे ने कर दी थी। हत्या की वजह पारिवारिक रिश्तों पर उपजा शक बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पीपलझला निवासी 35 वर्षीय सुल्तान अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच 6 जून को चांदखेड़ी स्थित यशवंत सागर तालाब के पास झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक सड़ी-गली लाश बरामद की, जिसकी पहचान बाद में सुल्तान के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी आलोक कुमार शर्मा एवं करणजीत सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश सिंगार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड की परतें खोलना शुरू किया।
जांच में सामने आया कि मृतक सुल्तान के सगे भतीजे नोशाद को अपनी पत्नी मेमसाना और चाचा सुल्तान के बीच कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक ने उसे हत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस के अनुसार नोशाद ने अपनी पत्नी और एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर सुल्तान को घर बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर मोगरी से उसके सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। तीनों ने शव को एक स्विफ्ट कार की डिक्की में रखा और चांदखेड़ी क्षेत्र की झाड़ियों में ले जाकर फेंक दिया। इसके बाद मामला गुमशुदगी का बना रहे, इसके लिए किसी को भनक तक नहीं लगने दी गई।
हालांकि पुलिस की लगातार जांच और तकनीकी विश्लेषण ने आरोपियों की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मोगरी और शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली है।
फिलहाल आरोपी नोशाद और उसकी पत्नी मेमसाना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल नाबालिग को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

More Stories
रीवा में 8 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी!
जादू-टोना के शक में बड़े भाई की हत्या, छोटे भाई समेत सात लोगों पर आरोप
भोपाल में युवती पर चाकू से हमला, बचाने पहुंची बहन भी हुई घायल; आरोपी फरार!