V India News

Web News Channel

सागर में वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर गंभीर घायल; ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ वन परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने वनकर्मियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र तिवारी और एक वनपाल घायल हो गए। डिप्टी रेंजर के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में ट्रैक्टर से की जा रही थी वन भूमि की जुताई

जानकारी के अनुसार, रविवार रात शाहगढ़ वन परिक्षेत्र के छोटे बंधा के पास कुछ लोग कथित तौर पर ट्रैक्टर से वन विभाग की जमीन पर अवैध जुताई कर रहे थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण रोकने का प्रयास किया। टीम ने जब ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, तो वहां मौजूद लोगों से विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लोगों ने वन विभाग के कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए।

वनकर्मियों की ओर ट्रैक्टर बढ़ाने का आरोप

घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया गया है कि वीडियो में एक व्यक्ति ट्रैक्टर को तेजी से वन विभाग की टीम की ओर बढ़ाता दिखाई देता है। आरोप है कि कर्मचारियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई, हालांकि वनकर्मी इसकी चपेट में आने से बच गए। इसके बाद ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने में सफलता मिली।

डिप्टी रेंजर के सिर में लगी चोट

हमले के दौरान उप वन परिक्षेत्र अधिकारी शैलेंद्र तिवारी के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद एक वनपाल को भी चोटें आईं। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डिप्टी रेंजर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने निवाई निवासी हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।