V India News

Web News Channel

गुना में 47 जाली नोट बरामद, ढाबे पर बिल चुकाते पकड़ा गया युवक

गुना। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में नकली नोट बाजार में चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पंजाबी ढाबे पर बिल चुकाने के लिए दिए गए 100 रुपये के नोट पर संचालक को संदेह हुआ। उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से 100-100 रुपये के कुल 47 संदिग्ध जाली नोट बरामद हुए।

मामला 3 अक्टूबर की रात का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, एक युवक खाना खाने के बाद ढाबे का बिल चुकाने के लिए 100 रुपये का नोट लेकर पहुंचा था। नोट संदिग्ध लगने पर ढाबा संचालक ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक से पूछताछ की। उसकी पहचान चंद्रेश अहिरवार (30), निवासी बरखेड़ी गिर्द, थाना बजरंगगढ़, जिला गुना के रूप में हुई।

पुलिस ने युवक के पास मिले नोट की जांच की तो वह संदिग्ध पाया गया। इसके बाद तलाशी लेने पर 100 रुपये के 46 और संदिग्ध नोट बरामद हुए। इस तरह कुल 47 नोट जब्त किए गए।

नकली नोटों का स्रोत तलाश रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास इतनी संख्या में जाली नोट कहां से आए। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इन नोटों को अकेले बाजार में चला रहा था या उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति अथवा गिरोह सक्रिय है। पुलिस नोटों की सप्लाई और उन्हें गुना तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।

आशंका है कि छोटे मूल्य के नोटों के जरिए इन्हें अलग-अलग दुकानों, ढाबों और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों पर चलाने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

बीएनएस की धारा 180 में मामला दर्ज

कोतवाली पुलिस ने चंद्रेश अहिरवार के खिलाफ बीएनएस की धारा 180 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान जाली नोटों के स्रोत, संभावित सहयोगियों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।