V India News

Web News Channel

सतना में धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने का आरोप, तीन पर केस

सतना। मध्य प्रदेश के सतना के टिकुरिया टोला क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रलोभन देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, टिकुरिया टोला निवासी 25 वर्षीय जगविजय उर्फ जग्गी वर्मा बीमारी, बेरोजगारी और आर्थिक-पारिवारिक समस्याओं से परेशान था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कंचन महतो से हुई। आरोप है कि कंचन उसे रेनु समुद्रे के घर लेकर गया, जहां उसे ईसाई धर्म अपनाने और प्रार्थना में शामिल होने के लिए कहा गया।

पीड़ित का आरोप है कि उसे बेहतर स्वास्थ्य, रहने के लिए घर और नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया गया। युवक का कहना है कि शुरुआत में उसने आरोपियों की बातों पर भरोसा किया, लेकिन जब उसकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बढ़ाया गया तो उसने विरोध किया।

आरोप है कि रविवार को दोबारा वहां पहुंचने पर उसे स्पष्ट तौर पर कहा गया कि धर्म बदले बिना उसे स्वास्थ्य लाभ, नौकरी और घर नहीं मिलेगा। इसके बाद युवक ने कोलगवां थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने रेनु समुद्रे, कंचन महतो और ईशू समुद्रे के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया है।

मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े वीडियो, बयानों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।