उज्जैन, मध्य प्रदेश। उज्जैन में 16 वर्षीय छात्रा को मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 26 सितंबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर दो अपचारियों को हिरासत में लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल सभी आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी उम्र की आधिकारिक पुष्टि हिरासत और जांच की प्रक्रिया के बाद की जाएगी।
सीनियर छात्र पर बहाने से बुलाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके सीनियर छात्र ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी उसे धमकाकर अपने एक दोस्त के कमरे पर ले गया, जहां पहले से उसके चार साथी मौजूद थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
लापता होने की शिकायत पर शुरू हुई थी जांच
घटना के अगले दिन छात्रा जब घर पहुंची, तब तक उसके स्वजन ने चिमनगंज थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी थी। पुलिस ने शुरुआत में अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
बताया गया कि घटना के बाद छात्रा काफी डरी और सहमी हुई थी। उसने शुरुआत में स्वजन को भी अपहरण की बात ही बताई। हालांकि, उसकी स्थिति को देखते हुए स्वजन ने उससे बातचीत की, जिसके बाद उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी।
मेडिकल परीक्षण के बाद बढ़ाई गई धाराएं
पुलिस ने पीड़िता के बयान महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दर्ज किए। चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के अनुसार, मेडिकल परीक्षण के बाद पहले से दर्ज अपहरण के प्रकरण में सामूहिक दुष्कर्म और POCSO एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं।
मामले की जांच अधिकारी प्रीति चौहान के अनुसार, पुलिस टीम ने दबिश देकर दो अपचारियों को हिरासत में लिया है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित भी नाबालिग बताए जा रहे हैं, लेकिन उनकी उम्र और मामले में भूमिका की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

More Stories
उज्जैन में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, 24 वर्षीय युवक 70% झुलसा; इंदौर रेफर
लक्की दरबार डबल मर्डर केस में नया मोड़: बंजारा समाज ने सोनू कछावा और अनिल को निर्दोष बताते हुए सौंपा ज्ञापन
उज्जैन में कमर्शियल गरबा आयोजन के विरोध में प्रदर्शन, शुभ बेकरी के पोस्टर-बैनर फाड़े