उज्जैन, मध्य प्रदेश। उज्जैन के कानिपुरा स्थित तिरुपति धाम कॉलोनी में शनिवार सुबह गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। किराए के कमरे में हुए धमाके में 24 वर्षीय युवक संदीप करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि कमरे की एक तरफ की दीवार क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया।
रातभर गैस लीकेज की आशंका
जानकारी के अनुसार, कमरे में रातभर एलपीजी गैस सिलेंडर से गैस लीकेज होने की आशंका है। इसके चलते कमरे में गैस भर गई थी। शनिवार सुबह संदीप ने सिगरेट जलाने के लिए जैसे ही माचिस की तीली जलाई, कमरे में जमा गैस ने आग पकड़ ली। इसके बाद तेज धमाका हुआ और संदीप आग की चपेट में आ गया।
धमाके से आसपास के लोग सहमे
धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास रहने वाले लोग सहम गए। घटना के तुरंत बाद लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को बाहर निकाला। संदीप के साथ कमरे में उसका साथी देवीलाल भी रहता था। हादसे के समय देवीलाल बाथरूम में मौजूद था, जिसके कारण वह सीधे आग और धमाके की चपेट में आने से बच गया।
करीब 20 दिन पहले उज्जैन आया था संदीप
संदीप मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है। वह करीब 20 दिन पहले ही काम के सिलसिले में उज्जैन आया था। यहां उसने कानिपुरा की तिरुपति धाम कॉलोनी में किराए पर कमरा लिया था। वह शहर की शिप्रा गैस एजेंसी में सिलेंडर डिलीवरी और फिटिंग का काम करता था।
गंभीर हालत में इंदौर रेफर
ब्लास्ट के बाद आसपास के लोगों और परिचितों की मदद से संदीप को उज्जैन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका शरीर करीब 70 प्रतिशत तक झुलसा है। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर गैस लीकेज के बाद कमरे में गैस जमा होने और माचिस जलाने से आग पकड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट करेगी।

More Stories
उज्जैन में 16 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो नाबालिग हिरासत में
लक्की दरबार डबल मर्डर केस में नया मोड़: बंजारा समाज ने सोनू कछावा और अनिल को निर्दोष बताते हुए सौंपा ज्ञापन
उज्जैन में कमर्शियल गरबा आयोजन के विरोध में प्रदर्शन, शुभ बेकरी के पोस्टर-बैनर फाड़े