V India News

Web News Channel

लक्की दरबार डबल मर्डर केस में नया मोड़: बंजारा समाज ने सोनू कछावा और अनिल को निर्दोष बताते हुए सौंपा ज्ञापन

उज्जैन। कानीपुरा रोड स्थित लक्की दरबार ढाबे पर 26-27 अगस्त की दरमियानी रात हुए राहुल दरबार और जितेंद्र ठाकुर हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और सीएसपी श्वेता गुप्ता को एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने सोनू कछावा उर्फ सोनू बंजारा और अनिल बंजारा को मामले में निर्दोष बताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोनू कछावा ने 28 सितंबर को अपनी पत्नी और बहन के साथ चिमनगंज थाने में आत्मसमर्पण किया था। समाज के मुताबिक, इसके बाद उसे थाने में बैठाकर रखा गया और रात में उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि केस से नाम हटाने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा 50 लाख रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर मारपीट की गई, जिससे सोनू की तबीयत बिगड़ गई और पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई। ज्ञापन के अनुसार, वर्तमान में सोनू का इलाज चल रहा है।

समाज ने सोनू और अनिल की भूमिका स्पष्ट करने के लिए सिविल अस्पताल, लक्की दरबार ढाबे तथा रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा आरोपियों की घटना के समय की टावर लोकेशन भी खंगालने की मांग की गई है। ज्ञापन में कुछ पुलिसकर्मियों के नाम का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई।

सीएसपी बोलीं- तथ्यों की जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीएसपी श्वेता गुप्ता ने बताया कि बंजारा समाज की ओर से डबल मर्डर के मुख्य आरोपी बताए जा रहे सोनू बंजारा की घटना के समय मौजूदगी को लेकर शिकायत की गई है। समाज ने पुलिस के सामने कुछ तथ्य रखे हैं। इन तथ्यों की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि लक्की दरबार ढाबे पर हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया है।