ग्वालियर में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने आईएएस अधिकारी पी. नरहरि के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और सिंचाई विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर मैथिली शरण गुप्ता को अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने खुद को आईएएस अधिकारी का परिचित और दूसरे व्यक्ति को सीआरपीएफ कमांडेंट बताते हुए सस्ते फर्नीचर का झांसा दिया। इस तरह रिटायर्ड इंजीनियर से करीब 1 लाख 60 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में मुरार पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मुरार क्षेत्र निवासी मैथिली शरण गुप्ता को आईएएस पी. नरहरि के नाम से बनी फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद कथित आईएएस ने उनसे मोबाइल नंबर लिया और सुमित कुमार नाम के व्यक्ति का नंबर भेजा। आरोपी ने सुमित को अपना परिचित और सीआरपीएफ कमांडेंट बताया। साथ ही कहा कि तबादले के कारण वह ग्वालियर में अपना फर्नीचर और अन्य सामान बेचना चाहता है।
इसके बाद सुमित ने गुप्ता को वॉट्सऐप पर फर्नीचर की तस्वीरें भेजीं। करीब पांच लाख रुपये का फर्नीचर महज 95 हजार रुपये में देने का लालच दिया गया। कम कीमत के झांसे में आकर गुप्ता ने आरोपी के बताए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। रकम मिलने के बाद भी फर्नीचर नहीं पहुंचा। इसके बाद सामान भेजने और निकालने के नाम पर उनसे 61,500 रुपये और ले लिए गए। इस तरह कुल करीब 1.60 लाख रुपये की रकम आरोपियों के पास पहुंच गई।
इसके बाद आरोपी ने तीसरी बार 88 हजार रुपये की मांग की। यहीं गुप्ता को शक हुआ। उन्होंने सीधे आईएएस पी. नरहरि से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। नरहरि ने बातचीत से जुड़े फोटो और वीडियो मांगे तथा पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी। मामला खुलने की भनक लगते ही आरोपी ने वॉट्सऐप से फोटो और मैसेज डिलीट कर दिए और बातचीत बंद कर दी।
पीड़ित की शिकायत पर मुरार पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और सीडीआर समेत तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठग अक्सर अधिकारियों और प्रतिष्ठित लोगों के नाम व फोटो का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीतते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर मिली संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट और ऑनलाइन खरीद-फरोख्त के मामलों में सत्यापन किए बिना किसी खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं करने चाहिए।

More Stories
बांधवगढ़ में शुरू हुआ 5 दिवसीय हाथी महोत्सव, नन्हे कृष्णा ने लूटी महफिल
बालाघाट में गर्भवती महिला से दुर्व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई, 4 पुलिसकर्मियों पर FIR
खुद को पत्रकार बताकर धमकाने और रुपये मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार