V India News

Web News Channel

बिजली विभाग के सहायक यंत्री का शाही जन्मदिन, हाथी पर बैठाकर कराया प्रवेश; नोटों की डिजाइन वाला केक भी कटा

उज्जैन। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वल्लभनगर जोन के सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन शाही अंदाज में मनाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में विभाग के कर्मचारी और परिचित सहायक यंत्री को हाथी पर बैठाकर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यालय परिसर में प्रवेश कराते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद कार्यालय के बाहर जमकर डांस हुआ और 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों जैसी डिजाइन वाला केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।

बताया जा रहा है कि यह आयोजन बीते सप्ताह किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद सरकारी कार्यालय में इस तरह के आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासतौर पर राष्ट्रीय मुद्रा की तस्वीरों जैसी डिजाइन वाले केक को लेकर भी चर्चा है।

विभाग ने माना आयोजन अनुचित

मामले को लेकर मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री वीके मालवीय से जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यालय में इस तरह जन्मदिन मनाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को नोटिस जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि नोटिस का उद्देश्य भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकना है।

सहायक यंत्री बोले- शनिवार को मनाया था जन्मदिन

वायरल वीडियो को लेकर सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का कहना है कि जन्मदिन का आयोजन रविवार को नहीं, बल्कि शनिवार को किया गया था। उनका दावा है कि वीडियो शनिवार का ही है। हालांकि, मामले से जुड़े सूत्र आयोजन रविवार को होने की बात कह रहे हैं। यह भी बताया जा रहा है कि सहायक यंत्री को हाथी पर बैठाकर कार्यालय तक लाने के लिए अंकपात मार्ग स्थित एक अखाड़े से हाथी बुलाया गया था।

वायरल फोटो की तारीख ने बढ़ाया विवाद

मामले में सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों की तारीख को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक तस्वीर में फोटो खींचे जाने की तारीख रविवार, 23 अगस्त होने का दावा किया जा रहा है। वहीं, सहायक यंत्री आयोजन शनिवार को होने की बात कह रहे हैं। ऐसे में आयोजन की वास्तविक तारीख को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। विभागीय जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्यक्रम कब आयोजित किया गया था और इसमें कौन-कौन कर्मचारी शामिल थे।

सरकारी कार्यालय में जन्मदिन समारोह को लेकर सामने आए इस वीडियो ने विभागीय कार्यशैली और सरकारी परिसर के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नोटिस जारी होने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।