उज्जैन। उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सांसद फिरोजिया ने अपने द्वारा लिखित पुस्तक ‘नए भारत के चाणक्य: अमित शाह, रणनीति, संकल्प और सत्ता’ की प्रथम प्रति केंद्रीय मंत्री को भेंट की।
सांसद अनिल फिरोजिया के मुताबिक, इस पुस्तक को पूरा करने में उन्हें करीब आठ महीने का समय लगा। पुस्तक के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से विभिन्न स्रोतों के माध्यम से प्रामाणिक और तथ्यात्मक जानकारी जुटाई गई। पुस्तक का प्रकाशन दिल्ली के प्रसिद्ध प्रभात प्रकाशन ने किया है।
अमित शाह के राजनीतिक सफर और रणनीति पर केंद्रित पुस्तक
पुस्तक में अमित शाह के राजनीतिक जीवन, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व शैली को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। लेखक ने उनके राजनीतिक कौशल, दूरदर्शिता, रणनीतिक सोच, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता को पुस्तक का प्रमुख विषय बनाया है।
पुस्तक के शीर्षक में अमित शाह की तुलना प्राचीन भारत के महान रणनीतिकार चाणक्य से की गई है। पुस्तक भेंट किए जाने के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद फिरोजिया के इस साहित्यिक प्रयास की सराहना की।
सिंहस्थ और उज्जैन के विकास पर भी हुई चर्चा
पुस्तक भेंट करने के बाद सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उज्जैन के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।
सांसद ने उज्जैन में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और श्री महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। इसके अलावा उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया।
सांसद फिरोजिया ने कहा कि सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को देखते हुए उज्जैन में बुनियादी सुविधाओं, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक योजना के साथ काम करना जरूरी है।

More Stories
छात्र पर शिक्षक से मारपीट और महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता का आरोप
नोएडा; टूटे नाले के स्लैब ने ली युवा इंजीनियर की जान, प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल!
दिल्ली के महरौली में तीन मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका!