उज्जैन। सिंहस्थ कुंभ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में बिजली लाइनों और अन्य विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इसी दौरान बापू नगर क्षेत्र में मेले के लिए लगाए जाने वाले विद्युत पोल चोरी होने का मामला सामने आया है। साइट पर रखे तीन भारी-भरकम विद्युत पोल दिनदहाड़े चोरी कर लिए गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार ठेकेदार अमित सिंह परिहार विद्युत वितरण कंपनी के लिए 11 केवी फीडर का काम कर रहे हैं। बापू नगर स्थित साइट पर तीन एचबीएम पोल और आरएस-जॉस्ट साइट पर लगाने के लिए रखे गए थे। साइट इंचार्ज राजेंद्र सिंह राठौर जब मौके पर पहुंचे तो तीनों विद्युत पोल वहां से गायब मिले।
हाइड्रा और लोडिंग वाहन से ले गए पोल
पोल गायब मिलने के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कुछ लोग हाइड्रा मशीन और लोडिंग वाहन की मदद से भारी-भरकम विद्युत पोल ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस वाहन से पोल ले जाए गए, वह भी CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। साइट इंचार्ज राजेंद्र सिंह राठौर ने मामले को लेकर चिमनगंज मंडी थाने में आवेदन दिया है।
CCTV फुटेज में तीन संदिग्ध
पुलिस को दिए आवेदन में CCTV फुटेज के आधार पर कुछ लोगों के नाम भी संदिग्धों के रूप में बताए गए हैं। इनमें हाइड्रा मालिक ध्रुव जाट, ड्राइवर तूफान और इम्तियाज के नाम शामिल हैं।
पुलिस अब आवेदन और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विद्युत पोल किसके कहने पर और किस उद्देश्य से वहां से ले जाए गए।
सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में बड़े स्तर पर विद्युत और आधारभूत ढांचे से जुड़े काम चल रहे हैं। ऐसे में निर्माण और आयोजन से जुड़ी सामग्री की चोरी का मामला सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

More Stories
उज्जैन में युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल
नियमित टीकाकरण में उज्जैन प्रदेश में दूसरे स्थान पर, जिले का कवरेज 109 प्रतिशत
₹200 में उज्जैन दर्शन: 15 धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी ई-बस सेवा, CM मोहन यादव ने 10 बसों को दिखाई हरी झंडी