V India News

Web News Channel

परिवार संग महाकाल की शरण में पहुंचे मनोज तिवारी

उज्जैन। दिल्ली से भाजपा सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी ने सपरिवार उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया और बाबा महाकाल से देश की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि एवं देशवासियों की खुशहाली की कामना की।

इस दौरान उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों सांसदों ने बाबा महाकाल के दरबार में पूजा-अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।

कांवड़ यात्रा के विरोधियों पर साधा निशाना

महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने कांवड़ यात्रा और शिवभक्तों को लेकर टिप्पणी करने वालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं और शिवभक्तों का विरोध अथवा उनका अनादर करने वाली सोच उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि हर युग में अच्छाई और बुराई के बीच संघर्ष का उल्लेख मिलता है। भगवान महादेव ने भी अनेक असुरों का संहार किया है और बाबा महाकाल के दरबार में हर नकारात्मकता और बुराई का अंत संभव है।

दूसरे की आस्था का सम्मान जरूरी

मनोज तिवारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं और पंथ के अनुसार जीवन जीने का अधिकार है, लेकिन किसी को भी दूसरे की आस्था का अपमान करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने लोगों से एक-दूसरे की धार्मिक परंपराओं और भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।

परिवार संग महाकाल के दर्शन को बताया अलौकिक अनुभव

सांसद मनोज तिवारी ने महाकाल मंदिर में अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि परिवार के साथ बाबा महाकाल को जल अर्पित करना और भस्म आरती की दिव्यता को महसूस करना उनके लिए बेहद अलौकिक अनुभव रहा।

उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में प्रार्थना करने के बाद मन को गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने बाबा महाकाल से देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।