V India News

Web News Channel

उज्जैन में दिनदहाड़े युवती पर चाकू से हमला: दवा बाजार में मची अफरा-तफरी, आरोपी फरार!

उज्जैन। शहर के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित माधव क्लब रोड के दवा बाजार में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती पर सरेआम चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार बापू नगर निवासी 19 वर्षीय पूजा रजक फ्रीगंज स्थित एक दवा कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। शुक्रवार को वह रोज की तरह अपने कार्यस्थल जा रही थी। इसी दौरान दवा बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक युवक ने उसे रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने पहले बातचीत करने की कोशिश की और फिर अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया।

एक के बाद एक किए कई वार

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार आरोपी ने युवती पर लगातार कई वार किए। अचानक हुए हमले से आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने घायल युवती को तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार युवती के पेट, गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर बताई है।

युवती ने लगाया युवक पर आरोप

घायल पूजा रजक की मां आरती रजक ने पुलिस को बताया कि सुनील नामक युवक लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। परिवार ने बताया कि दो दिन पहले भी युवक को समझाइश दी गई थी, लेकिन उसने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं। परिजनों ने आशंका जताई है कि हमले के पीछे वही युवक है।

बयान के आधार पर मामला दर्ज

नीलगंगा थाना पुलिस ने घायल युवती के बयान दर्ज किए हैं। युवती ने डेंडिया गांव निवासी सुनील जारोलिया पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमों को विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के लिए लगाया गया है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और घटना के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

दवा बाजार जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं शहर में हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।