उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी क्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर Yuzvendra Chahal बुधवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान चहल ने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में भी सहभागिता की और करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा की आराधना की।
दर्शन के दौरान युजवेंद्र चहल पूरी तरह भक्तिभाव में लीन दिखाई दिए। भस्म आरती और पूजन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन का अनुभव अद्भुत और अविस्मरणीय है।
चहल ने कहा, “महाकाल के दर्शन के बाद जो अनुभूति हुई है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। जब भी बाबा का बुलावा आएगा, मैं निश्चित रूप से यहां दर्शन के लिए आऊंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि बाबा महाकाल का मनमोहक श्रृंगार देखकर उनका मन अत्यंत प्रसन्न हो गया। “बाबा के दिव्य स्वरूप को जितनी बार देखो, मन उतना ही आकर्षित होता है। ऐसा लगता है कि आंखें तृप्त ही नहीं होतीं। यदि मुझे यहां की महिमा पहले से पता होती, तो मैं बहुत पहले ही बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने आ जाता। अब मैं अपने परिचितों को भी यहां आने और दर्शन करने के लिए प्रेरित करूंगा।”
जानकारी के अनुसार, युजवेंद्र चहल को पहली बार श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने का अवसर मिला। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।

More Stories
उज्जैन में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, बीटेक पास युवकों ने बनाया गोल्ड-क्रिप्टो नेटवर्क!
सामाकोटा बैराज के लोकार्पण से महिदपुर को मिली विकास की नई गति, मुख्यमंत्री ने दीं कई बड़ी सौगातें!
भैरवगढ़ जेल में 1000 कैदी करेंगे सामूहिक योग और प्राणायाम!