V India News

Web News Channel

मध्य प्रदेश पुलिस में 18,500 पदों पर होगी भर्ती, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ऐलान

इंदौर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी के अवसर पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर जल्द भर्ती किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पुलिस बल को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मां कालका की आराधना कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक तलवार, भाला, एके-47 समेत विभिन्न आधुनिक हथियारों का विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने पुलिस वाहनों और अश्वों का पूजन करने के साथ शस्त्रागार का निरीक्षण भी किया। समारोह में कन्या पूजन का आयोजन हुआ और महिला पुलिस दल ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

दो वर्षों में रिक्त पद भरने की तैयारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विजयादशमी का पर्व भगवान श्रीराम की ओर से रावण वध के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय और मां दुर्गा द्वारा महिषासुर वध के जरिए नारी शक्ति के सामर्थ्य का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। पुलिस विभाग में भर्ती के साथ आगामी दो वर्षों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में भी काम किया जाएगा। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की विशेष परीक्षाएं जनवरी-फरवरी में आयोजित करने की योजना का भी उन्होंने उल्लेख किया।

पुलिस सेवाओं के लिए लॉन्च हुआ ऐप

समारोह में पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए एक ऐप भी लॉन्च किया गया। इसके माध्यम से ड्यूटी से जुड़ी जानकारी, संबंधित थानों और अधिकारियों का विवरण, संपर्क सुविधाएं तथा आवश्यक पुलिस सेवाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 51 मोटरसाइकिल उपलब्ध कराने की पहल की भी सराहना की।

पुलिस बैंड के लिए 750 पदों पर भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी और 15 अगस्त के अवसर पर परेड की गरिमा बढ़ाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले और पुलिस बल में पुलिस बैंड विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इसके लिए 750 पदों पर भर्ती किए जाने की बात भी उन्होंने कही।

कार्यक्रम के दौरान इंदौर पुलिस की ओर से नशामुक्ति के लिए चलाए गए जनजागरूकता अभियानों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर शिवम वर्मा समेत अनेक जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।