सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर में चोरों की तलाश के दौरान तीन पुलिसकर्मी हादसे का शिकार हो गए। विराट नगर में कार्रवाई के लिए पहुंचे सिविल लाइन थाने के तीन पुलिसकर्मी मकान की दूसरी मंजिल के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जबकि आरक्षक आनंद सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात विराट नगर स्थित एक मकान में चोरों के घुसने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाने में पदस्थ तीन पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और चोरों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीनों घायल हो गए।
आरक्षक आनंद सिंह की हालत गंभीर
हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जबकि आरक्षक आनंद सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया है। फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा गया है और चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने पर सीएसपी मनीष त्रिपाठी और सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना और आरक्षक आनंद सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
चोरों की तलाश के दौरान हुए इस हादसे से पुलिस विभाग में चिंता का माहौल है। फिलहाल घायल आरक्षक का उपचार जारी है।

More Stories
रतलाम मंडल में रेल हादसा: गोवा एक्सप्रेस की टक्कर से एक रेलकर्मी की मौत
इंदौर में गरबा आयोजन पर विवाद, बजरंग दल के विरोध के बाद कार्यक्रम रद्द
भोपाल में ‘जय जोहार’ बोलने पर भड़के थाना प्रभारी!