V India News

Web News Channel

उज्जैन के पास सड़क हादसा: खाई में गिरी बस, दो बाइक सवारों की मौत!

उज्जैन। उज्जैन के पास माकड़ोन फंटे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगर से उज्जैन आ रही शर्मा ट्रैवल्स की बस बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्रियों के भी घायल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP-70-P-0161 माकड़ोन फंटे के पास पहुंची थी, तभी उज्जैन से माकड़ोन की ओर जा रहे एक बाइक सवार ने अचानक मोड़ ले लिया। बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में बस की बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खाई में उतर गई। इस दौरान एक अन्य बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही घोंसला से ग्रामीण और राघवी थाने का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को घट्टिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।