V India News

Web News Channel

छतरपुर में दो मासूमों से छेड़छाड़ का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में 9 और 10 साल की दो बच्चियों के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि सावरी माता मंदिर में दर्शन के लिए गई दोनों बच्चियों के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति ने अश्लील हरकत की। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय महिलाओं ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियां शनिवार सुबह करीब 9 बजे सावरी माता मंदिर में दर्शन के लिए गई थीं। आरोप है कि मंदिर परिसर में मौजूद नंदकिशोर सोनी ने दोनों को प्रसाद के नाम पर टॉफी दी और अपने पास बैठा लिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। आरोप है कि आरोपी ने एक बच्ची की फ्रॉक की चेन खोलने का भी प्रयास किया।

घर पहुंचकर बच्चियों ने बताई पूरी घटना

घटना से घबराई दोनों बच्चियां घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण गड़िया मोहल्ले में पहुंचे, जहां आरोपी के छिपे होने की जानकारी मिली। बच्चियों ने आरोपी की पहचान की। इसके बाद वहां मौजूद महिलाओं ने आरोपी को पकड़ लिया और चप्पल व डंडों से उसकी पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी नंदकिशोर सोनी को हिरासत में ले लिया। महिला थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।