उज्जैन। शहर के हम्मालवाड़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 50 वर्ष पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मलबे में दबकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान असरान (12) के रूप में हुई है। वह मोहर्रम के अवसर पर अपनी नानी खुर्शीद बी के घर आया हुआ था। हादसे के समय दोनों मकान के भीतर मौजूद थे, तभी भवन का पिछला हिस्सा अचानक ढह गया और दोनों मलबे के नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान के समीप एक नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए मकान के पास गहरी खुदाई की गई थी। प्रारंभिक आशंका है कि खुदाई के कारण पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि प्रशासनिक जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर असरान और उसकी नानी खुर्शीद बी को बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने असरान को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल खुर्शीद बी का एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

More Stories
उज्जैन; नाबालिग छात्रा को बदनाम करने की साजिश का खुलासा, बीएलओ समेत चार गिरफ्तार!
उज्जैन काल भैरव मंदिर के पास भीषण आग, 4 दुकानें खाक!
महाकाल मंदिर मार्ग पर ऑटो-ई रिक्शा प्रतिबंधित, जाम से मिलेगी राहत